खाद्य आपूर्ति विभाग का फर्जी इंस्पेक्टर बनकर कारोबारियों से वसूली के आरोपी पर पुलिस ने भादंसं की धारा 170 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र देवराज निवासी बिझड़ी, हमीरपुर के रूप में की है। साथ ही पता चला है कि आरोपी शिमला में खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में बतौर दिहाड़ीदार तैनात है।
शनिवार देर शाम आरोपी को कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने पकड़ा था। रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक दुर्गादत्त शर्मा पुत्र चिंता राम शर्मा गांव व डाकखाना शालाघाट तहसील अर्की ने फोन पर शिकायत दर्ज करवाई की एक व्यक्ति अपने आपको खाद्य आपूर्ति विभाग का इंस्पेक्टर बताकर चालान के नाम पर अवैध वसूली कर रहा है। स्थानीय कारोबारियों ने जब शक होने पर उसका आईकार्ड मांगा तो वह टालमटोल करने लगा। चालान ना काटने की एवज में 500 रुपये की मांग करने लगा। अगली दुकान में जाकर भी यही दोहरा कर 500-500 रुपये लेने लगा। कारोबारियों ने पुलिस को सूचना देकर उसका पीछा किया। कारोबारियों ने देखा कि उसकी बाइक होटल में खड़ी है। इस दौरान कारोबारियों ने अर्की क्षेत्र के खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर श्याम भाटिया को इसकी सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 170 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आगामी छानबीन की जा रही है। आरोपी शिमला खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में दिहाड़ीदार है। प्रारंभिक जांच में यही पता चला है।