बीबीएन में खनन माफिया का राज है। तमाम सख्ती के बावजूद अवैध खनन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि बद्दी पुलिस ने खनन माफिया के खिलाफ पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने खनन माफिया के खिलाफ छेड़े विशेष अभियान में रात्रि के समय नाके लगाकर पांच ट्रैक्टर व तीन टिप्पर खनन सामग्री समेत दबोचे हैं। एएसपी के नेतृत्व में हुई धरपकड़ में खनन करने वालों से एक लाख 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। विभाग की इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
एएसपी गौरव सिंह के नेतृत्व में अवैध खनन को रोकने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। बद्दी व उसके साथ लगती खड्डों में दबिश दी जा रही है। सब इंस्पेक्टर राकेश राय के नेतृत्व में एक टीम ने शीतलपुर गांव के साथ लगती सरसा नदी में दबिश दी। टीम ने मौके पर एक ट्रैक्टर को खनन सामग्री सहित पकड़ा। एएसपी गौरव सिंह के नेतृत्व में मानपुरा व चुनड़ी खड्ड में दबिश दी गई। चुनड़ी में तीन व मानपुरा खड्ड में एक ट्रैक्टर पकड़ा। इसके अलावा राष्ट्रीय मार्ग पर रात के समय नाका लगाकर तीन टिप्पर खनन सामग्री से भरे हुए पकड़े।
एएसपी गौरव सिंह ने बताया कि शीतलपुर व मानपुरा में पकड़े गए ट्रैक्टर से 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला, जबकि चुनड़ी खड्ड में रंगे हाथ खनन करते हुए पकड़े टैक्टर संचालकों को 15 हजार प्रति ट्रैक्टर जुर्माना किया है। वहीं, राष्ट्रीय मार्ग पर पकड़े गए तीनों टिप्परों पर 75 हजार रुपये जुर्माना किया है। दो दिन पूर्व खरूणी खड्ड से खनन सामग्री से भरे तीन टिप्पर व एक जेसीबी पकड़ी थी, जो अभी भी पुलिस थाने में खड़ी हैं। अभी तक संचालक ने जुर्माना नहीं भरा है। उधर, एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया है। अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।