नालागढ़ (सोलन)। बद्दी में कुछ युवकों ने डंडों और हॉकी से लैस होकर लोगों को पीटना शुरू कर दिया। पहले चंबा का एक युवक उनके गुस्से का शिकार हुआ।
उसके बाद उन्होंने आगे एक घर में घुसकर चार लोगों की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस इस मारपीट का कारण आपसी रंजिश बता रही है। हमलावरों की पहचान प्रभावितों ने पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राकेश कुमार पुत्र नानक चंद गांव संगोड़ी, डुगली सुरंगानी चंबा ने थाने में शिकायत दर्ज की है। उसने कहा कि रविवार रात करीब 09.40 पर जब वह अपने कमरे के बाहर ब्रश कर रहा था तो कुछ लोग वहां आए और अकारण उस पर टूट पड़े। उन्होंने हॉकी व डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इससे उसकी टांग व छाती पर काफी चोटें आईं। फिर उन्होंने आगे जाकर धर्मपाल के घर में घुस कर उनके परिवार के साथ मारपीट की। इस मारपीट में धर्मपाल, संजीव कुमार, हरीश चंद व गुड्डू के सिर व बाजुओं में व टांगों आदि में चोटें आई हैं। मारपीट करने के बाद ये लोग वहां से भाग गए। शिकायत में कहा गया है कि यह मारपीट काकू, अजू, शौकी आदि लड़कों ने सुनियोजित ढंग से की है। उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि एसपी बिशेर सिंह ने की है।