परवाणू हिंसा मामले में एक और गिरफ्तारी
परवाणू गोलीकांड के मामले में पुलिस ने अब तक किए 19 आरोपी गिरफ्तार
अब पुलिस आरोपी को कसौली कोर्ट में करेगी पेश
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। परवाणू में 11 फरवरी को कैंटर यूनियन विवाद पर गोलीकांड के बाद हुई हिंसक घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में हिंसा के चलते शहर में तनाव रहा था। परवाणू पुलिस ने उक्त हिंसक घटना की जांच और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल अन्वेषण जांच टीम के लिए एसएचओ धर्मपुर की निगरानी में जांच टीम का गठन किया है। उस हिंसा मामले में वांछित मनोज कुमार निवासी टगरा कलीराम तहसील कालका जिला पंचकूला निवासी को गिरफ्तार किया है। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी विश्व हिंदू परिषद के प्रकोष्ठ हिमाचल प्रदेश युवा शक्ति मंच धर्म प्रसार का प्रांत सह संयोजक रहा है। इसको कसौली कोर्ट में पेश कर परवाणू पुलिस रिमांड की मांग करेगी। अब तक उक्त केस में 18 आरोपी पहले से ही पुलिस की स्पेशल अन्वेषण टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। आरोपी के पकड़े जाने के साथ अब तक पकड़े गए आरोपियों की संख्या 19 का आंकड़ा छू चुकी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उक्त आरोपियों की गिरफ्तारियां की है।
डीएसपी परवाणू वीर बहादुर ने इसकी पुष्टि कर कहा कि आरोपी से पूछताछ के लिए कसौली कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी जाएगी।