बद्दी (सोलन)। जिला पुलिस बद्दी के तहत दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो छोटे वाहनों ने चार बाइकों को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार सड़कों पर जा गिरे और तीन लोग घायल हो गए। पहले मामले में अजय कुमार पुत्र यादव लाल निवासी मकान नंबर-484 गांव हैलो माजरा डाकघर रामदरबार चंडीगढ़ ने बताया कि वह कंपनी से छुट्टी करके चंडीगढ़ के लिए अपनी स्कूटी में सवार होकर जा रहा था। मलपुर की पुलिया के पास एक लाल रंग के वाहन ने इसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इसके सिर, बाजू और शरीर में चोटें आईं। इसी गाड़ी ने दो अन्य मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मार दी थी। इसमें दोनों बाइकों के चालक सड़क पर गिरे पड़े थे। इन तीनों को एक ऑटो चालक सीएचसी बद्दी उपचार के लिए लाया। गाड़ी चालक वाहन को लेकर बददी की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गया। दूसरे मामले में नीरज कुमार पुत्र कुमर पाल निवासी मकान नंबर-1734 गांव एवं डाकघर घनौली जिला रोपड़ ने बताया कि वह अपने बाइक पर सवार होकर नालागढ़ ट्रक यूनियन में आ रहा था तो चौंकीवाला चौक पर एक कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। एएसपी एनके शर्मा ने कहा कि पुलिस ने दोनों कारों के वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।