झाड़माजरी में उद्योग में आग से झुलसा कामगार
पुलिस ने उद्योग संचालक के खिलाफ दर्ज किया लापरवाही का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत झाड़माजरी के एक उद्योग में रात अचानक हुए अग्निकांड में एक कामगार झुलस गया। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में कामगार धर्मेंद्र ने कहा कि वह प्लॉट नंबर-7 ईपीआईपी फेस-1 झाड़माजरी स्थित उद्योग में काम करता है। रविवार रात यह और अन्य कर्मचारी काम कर रहे थे कि मध्यरात्रि करीब 11:45 बजे जीएलआर मशीन से अचानक धमाके की आवाज आई और आग की लपटें निकलने लगीं। वहां रवि श्रीवास्तव नाम का कामगार काम कर रहा था जो इसकी चपेट में आने से झुलस गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग बद्दी के अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र झौटा की अगुवाई वाली टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।