दाड़लाघाट में कोयले की गैस लगने से मजदूर की मौत
कमरे में बिस्तर पर मिली लाश, पास ही रखी थी अंगीठी
दाड़ला में लकड़ी का काम करता था दिल्ली निवासी रिजवान
अमर उजाला ब्यूरो
दाड़लाघाट (सोलन)। पुलिस थाना दाड़लाघाट के अंतर्गत ग्याणा गांव में अंगीठी की गैस से एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई है। मृतक की पहचान रिजवान पुत्र सलाउद्दीन उम्र 22 साल हाउस नंबर 269 ब्लॉक आई गली नंबर एक पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। रिजवान ग्याणा गांव में लकड़ी का काम करता था। वह स्थानीय निवासी धनीराम के घर में किराये के मकान में रहता था। रात को सोने से पहले उसने जलती आग की अंगीठी को कमरे के अंदर रख दिया। इस वजह से उसे कमरे में गैस भर गई और गैस लगने से उसकी मृत्यु हो गई। शुरूआती जांच में उसकी मौत का कारण कमरे में रखी अंगीठी से उसे गैस लगना माना जा रहा है। दाड़ला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की छानबीन के तहत आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि कर बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शुरूआती जांच में अंगीठी की गैस लगना मौत की मुख्य वजह सामने आया है।