फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोलीकांड के आरोपियों को स्कैच के जरिए पकड़ेगी पुलिस

Wed, 09 Aug 2017 02:26 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सोलन
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर हुए गोलीकांड में युवक की मौत के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया है। आरोपियों के स्केच जारी करने के साथ ही एक टीम दबिश के लिए हरियाणा रवाना की है। आरोपी वारदात के बाद मौके पर जुटी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
विज्ञापन


हालांकि पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयानों पर तीन में से दो लोगों के स्केच जारी किए हैं। वारदात को अंजाम देने का बाद बदमाशों ने यहां से कुछ दूरी पर गाड़ी को खड़ा किया और निकल भागे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मंगलवार को प्रेसवार्ता में एसपी सोलन मोहित चावला ने बताया कि शहर के पास शामती में सोमवार देर रात जिम ट्रेनर पंकज (35) उर्फ लक्की की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात सोमवार देर रात को हुई थी। बदमाश कार में सवार होकर आए थे।
विज्ञापन


इन्होंने तीन गोलियों पंकज पर दागी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक गोली सिर पर और दो पीठ पर लगी हैं। पुलिस ने हालांकि इसी दौरान नाकाबंदी कर दी थी लेकिन आरोपी जिस कार में आए थे उसके बजाय वह किसी दूसरे वाहन से भाग निकले।

अफवाहों से हुआ पुलिस का ध्यान भंग
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम के दौरान वहां पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। इसी बीच कई अफवाहें उड़ने लगी, जिससे पुलिस का ध्यान भंग हो गया। पुलिस भीड़ द्वारा बताए जा रहे ठिकानों पर दबिश देने में जुट गई।

ऐसे में कई बेकसूर लोगों को दोषी साबित करने की कोशिश की गई। पुलिस अधिकारी यदि स्वयं मौके पर मौजूद न होते तो भीड़ कई लोगों को अधमरा भी कर चुकी होती। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को थाने तक भी पहुंचा दिया था। इसी बीच मुख्य अपराधी मौका पाकर भागने में कामयाब हो गए।

वारदात के बाद कुछ जगह तोड़फोड़
मंगलवार को शहर में शाम तक अफवाहों का दौर जारी रहा। सोशल मीडिया की अफवाहें फैलाने में खासी भूमिका रही। घटना के आधा घंटा बाद लगभग हर मोबाइल पर मृतक युवक की फोटो वायरल हो चुकी थी। स्वाभाविक था कि लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ना शुरू हो गई।

लेकिन लोग मौके की वास्तविक स्थिति से अनभिज्ञ थे। पुलिस को अपना कार्य निष्ठा से करने देने की बजाए लोग उग्र हो गए और कई वाहनों, मकानों तथा अस्पताल में तोड़फोड़ भी कर डाली। यही कारण रहा कि पुलिस और आम जनता के आपस में उलझने का फायदा उठाकर अपराधी आसानी से भागने में कामयाब हो गए।

लोगों को कोई सुराग मिले तो दे जानकारी: एसपी
एसपी मोहित चावला, एएसपी मनमोहन सिंह और डीएसपी वीसी नेगी तथा रमेश शर्मा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि पुलिस अपराधियों तक पहुंचने का हर संभव प्रयास कर रही है। दो प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपियों को भागते हुए देखा है। इनके बताए हुलिए के आधार पर तीन में से दो आरोपियों के स्केच जारी किए हैं।

उन्होंने बताया कि एक निजी विद्यालय की सीसीटीवी फुटेज में एक कार दिखाई दे रही है और थोड़ा आगे उसे खड़ा करके तीन लोग उसकी नंबर प्लेट निकालते हुए दिख रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि बरामद की गई कार को कब्जे में लेकर उसके मालिक तक पहुंचने के लिए टीम को हरियाणा रवाना कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की जानकारी इस घटना के संबंध में है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

पुलिस ने धारा 302, 34 के तहत मामला दर्ज किया है और शीघ्र ही इस मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। मृतक युवक का आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है, वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें