उद्योग में आग से तीन लाख का नुकसान, दो कामगार झुलसे
परवाणू के सेक्टर-1 में मंगलवार देर रात घटना, घायलों चंड़ीगढ़ सेक्टर-32 किया रेफर
शॉर्टसर्किट से आग की आशंका, करीब 25 कामगार कंपनी में कर रहे थे कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। परवाणू के सेक्टर-1 स्थित पैकेजिंग मैटीरियल बनाने वाले एक उद्योग में आग लगने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया। वहीं दो कामगार आग की चपेट में आने के कारण झुलस गए। घटना के दौरान कंपनी में करीब 25 कामगार कार्य कर रहे थे। घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे की है। आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को दी। वहीं दोनों टीमों ने मौके पर पहुंच कर करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया था। आग में घायलों को परवाणू अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़-32 सेक्टर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि पैकेजिंग मैटीरियल कंपनी में एकदम से आग लग गई। इस समय उक्त कंपनी में 25 कर्मचारी कार्य कर रहे थे। तभी कंपनी में उपयोग होने वाले केमिकल से भरे ड्रम में बिजली के शॉर्टसर्किट से चिंगारी ड्रम में गिरने से विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि ड्रम फैक्ट्री की छत से जा लगा जिससे आग लग गई। मशीनों पर कार्यरत दो श्रमिक तोताराम पुत्र गोपाल रामपुर उत्तर प्रदेश और हरिद्वारा चौहान गाजीपुर उत्तर प्रदेश इसकी चपेट में आ गए। विस्फोट की आवाज सुनकर अन्य श्रमिक मौके पर पहुंच कर फैक्ट्री में लगे फायर उपकरण की मदद से आग को काबू पाया लिया। बुरी तरह से घायल श्रमिकों को स्थानीय ईएसआई अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनकी स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंच कर अपनी आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शॉर्टसर्किट से लगी आग
दमकल विभाग परवाणू के प्रभारी टेकचंद ठाकुर ने बताया कि उन्हें सूचना मिलते मौके पर दमकल के जवान सहित गाड़ियों को रवाना कर दिया था। इससे पहले ही आग पर काबू पा लिया था। आग लगने का कारण विद्युत शॉर्टसर्किट है जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि आग से कंपनी का करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया है।