देलगी में मारी कुत्ते पर गोली, केस दर्ज
कुत्ते के मालिक और आरोपी के बीच हुई हाथापाई
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (सोलन)। पुलिस थाना धर्मपुर की सुबाथू चौकी में देलगी में कुत्ते को बंदूक से गोली मारने के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। देलगी निवासी कांता कश्यप पत्नी अमर सिंह कश्यप गांव खैर तहसील देलगी ने थाना धर्मपुर की पुलिस चौकी सुबाथू में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसने अपने घर में दो कुत्ते पाल रखे हैं। एक काले रंग का कुत्ता जो लगभग तीन साल का है, शाम को गंभीर रूप से जख्मी होकर दौड़ा हुआ सड़क से घर के आंगन में गिर गया। कुत्ते के मालिक ने देखा कि उसके शरीर से खून निकल रहा था और थोड़ी देर पहले ही बंदूक चलने की आवाज घर के पीछे से सुनाई दी थी। बंदूक की आवाज सुनकर सभी परिवार वाले दौड़ कर सड़क की तरफ भागे तो वहां जगत राम पुत्र नंद लाल गांव करागड़ी, देलगी तहसील व जिला सोलन झाड़ियों से निकल कर सड़क पर आया जिसके हाथ में बंदूक थी। जब कुत्ते के मालिक ने गोली मारने का कारण पूछा तो उसने बताया कि कुत्ते ने उसकी बकरी को मार दिया। इस वजह से उसे कुत्ते को गोली मारनी पड़ी। इस बीच कुत्ते के मालिक और गोली मारने वाले के बीच झगड़ा शुरू हो गया। पुलिस थाना धर्मपुर के प्रभारी नवीन झालटा ने बताया कि गोली मारने वाले व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।