बद्दी (सोलन)। बाइक पर घूमने हरिपुर बाबा वाले रोड पर गए तीन युवकों में से एक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में दो को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में उपचार दिया गया। पुलिस में दर्ज तहरीर में हरीश कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी गांव खोली डाकघर गाडागुसैन तहसील बाली चौक जिला मंडी ने बताया कि वह और विकास ठाकुर घूमने के लिए बाइक पर पट्टा की ओर गए थे। उन्होंने पवन कुमार निवासी आसाम को भी अपने साथ ले लिया और बाइक पर सवार होकर हरिपुर बाबा की ओर घूमने निकले गए लेकिन जब वह वुड रिजोर्ट के पास पहुंचे तो बाइक स्किड हो गई। इसमें पवन कुमार को सिर पर चोट लगी। स्थानीय अस्पताल में उपचार के बाद पवन को पीजीआई ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी रानी बिंदू सचदेवा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।