परवाणू में ढांक में गिरा मोटरसाइकिल सवार, चंडीगढ़ रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। नेशनल हाईवे पर टीटीआर रिजॉर्ट के पास वीरवार दोपहर को सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको स्थानीय ईएसआई अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसीएच सेक्टर 32 चंडीगड़ रेफर कर दिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपुर से एक बाइक परवाणू की ओर आ रही थी जोकि अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक सवार साथ लगती ढांक में करीब 100 मीटर नीचे जा गिरा। बाइक सवार गुरजगजीत सिंह निवासी नाभा, पंजाब को पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू करके ईएसआई अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने जीएमसीएच सेक्टर 32 चंडीगड़ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी वीरेंद्र चौहान ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई जारी है।