धर्मपुर (सोलन)। डगशाई पुलिस चौकी के तहत कुमारहट्टी के जीरो प्वाइंट के पास बस ने मोटरसाइकिल को रौंद दिया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के संबंध में मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए युवक की पहचान मोहित दीक्षित (22) साल निवासी डोलो तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
गौरव रोहिला (25) निवासी गांव जंबल तहसील देहरा जिला कांगड़ा हादसे में घायल हुआ है। दोनों ग्रीन हिल्स कॉलेज में पढ़ाई करते थे और मोटरसाइकिल पर अपने क्वार्टर से कॉलेज जा रहे थे। जानकारी के अनुसार जैसे ही दोनों कॉलेज के लिए निकले तो निजी बस की चपेट में आ गए। हादसे के दौरान बस का पिछला हिस्सा बाइक से टकराया और दोनों सवार सड़क पर पलट गए। हादसे में पीछे बैठे मोहित के सिर पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद दोनों को गंभीर अवस्था में एमएमयू अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।
गौरव को उपचार के लिए दाखिल कर लिया गया। पुलिस ने हादसे के बाद बस चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा था। साक्ष्य और बयानों के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने हाइवे पर वाहन चालकों से संयमित गति में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पूरा पालन करने का आह्वान किया है। पुलिस ने हादसे में मारे गए युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।