सोलन। गंज बाजार में पुराने शूलिनी माता मंदिर में शुक्रवार रात को एक नाबालिग युवक ने चोरी का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर ही युवक को पकड़ा लिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक युवक शूलिनी माता मंदिर में घुस गया। इस दौरान आसपास के कुत्तों के भोंकने की आवाज पर मंदिर का पुजारी उठ गया और उसे मंदिर के बाहर कुछ आवाजें सुनाई दीं। वह मंदिर में पहुंचा तो एक युवक मंदिर में चोरी का प्रयास कर रहा था। पुजारी ने इसकी सूचना सीटी चौकी में दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक नाबालिग सिरमौर जिला का रहने वाला है और अपनी माता के साथ कालाघाट में रहता है। पुलिस द्वारा इस युवक से गंभीरता से पूछताछ की जा रही है। इस युवक के पकड़े जाने से कई और चोरी की घटनाओं का पता पुलिस को चल सकता है। इससे पहले भी शहर के लक्कड़ बाजार मंदिर में कुछ दिनों पहले चोरी की घटना हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात को गंज बाजार में एक नाबालिग युवक को चोरी के प्रयास में पकड़ा गया है।