बद्दी (सोलन)। विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही लगी आदर्श आचार संहिता के बाद जिला पुलिस बद्दी ने 11 दिन में न केवल अवैध शराब पकड़ी, बल्कि चूरापोस्त और गांजा सहित नकदी भी बरामद की। 12 अक्तूबर को लगी आचार संहिता के बाद से जिला पुलिस बद्दी ने 16 मामले दर्ज किए हैं। मादक द्रव्य अधिनियम के तहत दर्ज किए गए तीन मामलों में 15.828 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) और 176 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 84 हजार रुपये की नकदी भी पकड़ी है। एसपी बद्दी राहुल नाथ ने कहा कि पुलिस की टीमें चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। वहीं, पैरा मिलिट्री फोर्सिज भी सीमावर्ती इलाकों में पूरी तरह से ड्यूटी पर डटी हुई है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस बद्दी के तहत 1779 वैध हथियार पंजीकृत हैं। इनमें से आदर्श आचार संहिता लगने के बाद 94 फीसदी हथियार संबंधित पुलिस थानों और जिला मालखाना में जमा हो चुके हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से आह्वान किया है कि जिन्होंने अपने लाइसेंसी हथियार अभी भी जमा नहीं करवाए है, वे तुरंत इन्हें जमा करवाएं।