बद्दी(सोलन)। साई रोड बद्दी में शुक्रवार देर रात एटीएम की लूट के प्रयास के आरोपियों की धरपकड़ को पुलिस रविवार को दिनभर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देती रही। पुलिस के हाथ यूकों बैंक के एटीएम से जो फुटेज हाथ लगी है, उसमें एटीएम मशीन को तोड़कर पैसे निकालने का प्रयास कर रहे युवक की तस्वीर साफ नजर नहीं आ रही है। आरोपी ने सर्दियों में पहनने वाली बंदर टोपी पहनी है।
इसके अलावा वह यहां तक यहां पैदल आया या वाहन से, यह भी पता नहीं चला। पुलिस इस संबंध में आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की और पिछले एक माह की फुटेज देखने का प्रयास किया। यहां पर बिना काम के रैकी करने कोई आता तो नहीं था। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी दो तीन दिन के अंदर पकड़ लिया जाएगा। लेकिन, धुंधली तस्वीर पुलिस के लिए पहेली बन गई है। पुलिस ने संबधित एटीएम को पूरी तरह सील कर दिया है। माना जा रहा कि फोरेंसिक एक्सपर्ट या अन्य किसी वैज्ञानिक की राय लेने के बाद ही इसको खोला जाएगा। पुलिस साईबर क्राइम एक्सपर्ट से भी संपर्क साध रही है।
टावर से उठाया जाएगा डंप डाटा
पुलिस शुक्रवार मध्य रात्रि को यूको बैंक परिसर के आसपास समस्त फोन कालों के डंप डाटा को उठा रही है। उसमें यह पता चलेगा कि कौन बार-बार रात्रि को फोन कर रहा था और कौन सुन रहा था। अगर इस डाटा में पुलिस के हाथ कुछ लगा तो केस हल होने की संभावनाएं हैं।
हर पहलू पर नजर हो रही जांच : एएसपी
जिला पुलिस बद्दी के मीडिया प्रभारी एएसपी नरेश शर्मा ने कहा कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि बेशक लुटेरे पैसे नहीं लूट सके लेकिन यह मामला चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम के अलावा साइबर एक्सपर्ट का सहारा लिया जा सकता है। मामला शीघ्र सुलझा लिया जाएगा।