परवाणू (सोलन)। प्रदेश में नौ नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते लोगों को अपने लाइसेंसी हथियार साथ लगते थानों में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। अमल न करने वालों के लाइसेंस रद किए जा सकते हैं। यह बात शनिवार को परवाणू में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी मोहित चावला ने कही।
इस मौके पर डीएसपी परवाणू भीष्म सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। चुनाव के दौरान अपनाई जाने वाली सभी रणनीतियों के बारे में उन्होंने बताया। कहा कि अभी तक पुलिस के पास करीब 85 प्रतिशत लोगों ने ही हथियार जमा करवाए हैं। अभी तक परवाणू से अन्य जगहों की अपेक्षा कम हथियार जमा हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोग अपने हथियार जमा नहीं करते हैं तो उनकी लिस्ट तैयार करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पहले लोगों को शंका रहती थी कि चौकी में उनके हथियार सुरक्षित रहेंगे भी या नहीं लेकिन इस बार पुलिस ने पूरी व्यवस्था पहले ही की है। उन्होंने लोगों से चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाने की भी अपील की हैं। कहा कि माहौल को शांतिपूर्ण बनाने के साथ अपने अधिकार का भी प्रयोग करें। चुनाव में कोई भी बाहरी राज्यों के शरारती तत्व खलल न डाल सकें इसके लिए पहले ही पुलिस बल के साथ पैरा मिल्ट्री फोर्स की भी सभी सीमाओं पर तैनाती की है जो बाहर से आने वाली सभी वाहनों की तलाशी कर रहे हैं। कहा कि पुलिस चुनाव में किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं देती। नियम और कानून के तहत ही सभी गतिविधियां करवाई जाएंगी। चुनाव से दो दिन पहले ही सभी शराब के ठेकों को भी बंद कर दिया जाएगा। वहीं चुनाव से करीब एक सप्ताह पहले सीमा के साथ लगते होटलों, ढाबों, पीजी और अन्य जगहों की तलाशी ली जाएगी। यदि इस दौरान यहां पर बिना वेरिफिकेशन के कोई रहता हुआ मिला तो उन पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।