अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के मालरोड पर मनियारी की दुकान में आग से करीब दो लाख का नुकसान हो गया है। आग से अति-व्यस्त मालरोड पर अफरातफरी का माहौल बन गया था। घटना बुधवार देर रात करीब 10 बजे की है। इस दुकान में आग लगी थी और वह दुकान बंद थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकान के मालिक सहित दमकल विभाग को दी। वहीं दमकल की टीम भी सूचना मिलते तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया है। हालांकि, अभी आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। इस दौरान दुकान में रखा आधा सामान जल कर राख हो गया है। घटना और खतरनाक हो सकती थी यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता।
जानकारी के अनुसार बुधवार को माल रोड स्थित मनियारी की दुकान का मालिक दुकान को बंद कर घर चला गया था। जिसके बाद करीब दस बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलते देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक और दमकल विभाग को दी। स्थानीय लोगों ने दुकान का ताला तोड़ कर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन दुकान में अधिक धुआं होने से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। इतने में दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई जिसके बाद करीब आधा घंटे में आग पर काबू पाया है। दुकान में रखा गया महिला के सज्जे का सामान और रेडिमेट कपड़े जल कर राख हो गए हैं।
इसकी कीमत करीब दो लाख बताई जा रही है। दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन राजेंद्र सैन ने बताया कि दमकल विभाग को करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत मौके पर दमकल की टीम गाड़ी के साथ भेज दी गई थी। इसमें आग से दो लाख का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है जिसकी जांच की जा रही है। आग पर दमकल की टीम ने आधे घंटे में ही काबू पा लिया था। इसमें करोड़ों की संपत्ति को जलने से बचाया गया है।