कुनिहार (सोलन)। कोठी गांव के जंगलों में लगी भीषण आग के कारण लाखों रुपये की वन संपदा राख हो गई है। आग इतनी भयंकर थी कि लोक निर्माण विभाग कार्यालय के स्टोर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए डीएफओ कुनिहार सतीश नेगी और वन कर्मी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इससे स्टोर जलने से बच गया। मौके पर आग का तांडव देखने आए लोग वीडियो तो बनाते रहे लेकिन किसी ने भी आग बुझाने की कोशिश नहीं की। एक सप्ताह के भीतर आग की यह दूसरी बड़ी घटना है। वनमंडल अधिकारी सतीश नेगी ने स्थानीय लोगों से आह्वान किया है कि वे जंगल में आग लगाने वालों को रोकें और इसकी सूचना वन विभाग को दें। उन्होंने बताया कि जंगल की आग से वन संपदा के अलावा जीव जंतु जलकर मर जाते हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने से वायु प्रदूषण भी होता है। उन्होंने कहा कि लोग वन विभाग का सहयोग करें तो आग लगने की घटनाओं को रोका जा सकता है।