अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। दो जून की मध्य रात्रि को नालागढ़ स्थित यूको बैंक के एटीएम को उखाड़ ले जाने के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वारदात में चार लोग शामिल थे। इस घटना को चार लोगों ने अंजाम दिया था। इसके लिए तीन वाहनों का प्रयोग किया था। इस मामले के बाद जिला पुलिस प्रमुख ने जिला पुलिस, सोलन पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
एक साल के कॉल रिकॉर्ड खंगालने के बाद लूट के चार आरोपियों में से एक को दबोचने में कामयाबी हासिल कर ली जबकि लूट में प्रयोग दो वाहनों को जब्त कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने मुरादाबाद यूपी से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश करके सात दिनों का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी इसरार खान निवासी गांव भावीपुर डाकघर इस्लाम नगर जिला बदायूं यूपी को गिरफ्तार किया है। इसके अन्य तीन साथियों की तलाश में पुलिस टीमें जगह जगह दबिशें दे रही हैं। एटीएम का संचालन करने वाली कंपनी के जगसीर सिंह ने मामला दर्ज करवाया और एक सप्ताह में एक गिरफ्तारी हो गई है। एटीएम में 8.32 लाख रुपये कैश था।
रैकी करने के बाद दिया था लूट की वारदात को अंजाम
डीएसपी नालागढ़ चमन लाल ने कहा कि चार लुटेरों ने इस घटना को रैकी के बाद अंजाम दिया था। मुख्य आरोपी धर्मराज उर्फ गामा ने अपनी मौसी के बेटे छोटा नाम युवक और नेपाल निवासी सोमू और गिरफ्तार आरोपी इसरार खान के साथ मिलकर यह वारदात की। इन्होंने बीबीएन क्षेत्र के लोदीमाजरा से रिकवरी वैन को चोरी किया और भुड से एक पिकअप वाहन को उठाया। पिकअप से रिकवरी वैन को टोचन लगाकर स्टार्ट किया और मोहाली से लाई होंडा सिटी कार में ये चारों दो जून की मध्यरात्रि करीब 3:00 बजे एटीएम के पास पहुंचे। सबसे पहले रिकवरी वैन से शटर तोड़ा।
इसके बाद एक लुटेरा कक्ष में घुसा और सीसीटीवी कैमरे ऑफ कर दिए। रिकवरी वैन से एटीएम उखाड़ा और इसी रिकवरी वैन में इस एटीएम को खरूणी के साथ निकलने वाले संपर्क मार्ग के पास ले गए जहां इसे पिकअप में डाला। पिकअप लेकर ये लोग बद्दी होते हुए एसपी कार्यालय से होकर कालूझिंडा होकर पपलोहा पहुंचे। कालूझिंडा में एटीएम तोड़ने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। पपलोहा माजरा के पास इन्होंने गैस कटर से इसे काटा और एटीएम के भीतर 8.32 लाख कैश निकाल आपस में बांट दिया। इसके बाद होंडा सिटी कार को लेकर आरोपी फरार हो गए।
जिला पुलिस बद्दी के पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले का पर्दाफाश कर एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही अन्य आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि डीएसपी नालागढ़ चमन लाल, थाना प्रभारी चमन लाल, सोलन पुलिस और साइबर सेल की टीम ने लूट की इस वारदात से पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रिकवरी वैन, पिकअप वाहन को बरामद कर लिया है। जल्द ही लूट के पैसों और होंडा सिटी कार सहित तीन आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।