चायल के बावा मोड़ से गहरी खाई में गिरी कार, चालक गंभीर
स्थानीय लोगों ने की घायल चालक की मदद, प्राथमिक उपचार के बाद किया शिमला रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (सोलन)। उपमंडल कंडाघाट की चायल चौकी के तहत एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार पर्यटन नगरी चायल से करीब छह किलोमीटर दूर बावा मोड़ के पास बुधवार रात को 8:00 बजे गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना उस समय घटी जब गाड़ी का चालक चतर सिंह गाड़ी में सवार होकर उसे स्टार्ट कर रहा था। अचानक से गाड़ी उसके नियंत्रण से बाहर होकर खाई में पलट गई। स्थानीय निवासी सुनील वर्मा पुत्र बाबू राम ने बताया कि हादसे के समय उसने पहाड़ी से कार को नीचे गिरते देखा। इसके बाद वह अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे के समय सड़क से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने भी चालक को बाहर निकालने में मदद की। इससे चालक की जान बच पाई। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को चायल के अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर गंभीर घायल होने के चलते उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। हादसे के समय कार में चालक अकेला ही था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।