परवाणू (सोलन)।
परवाणू थाने के तहत एटीएम बदलकर तीस हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है।
महिला ने पुलिस में रिपोर्ट लिखाई है कि वह परवाणू में नौकरी करती है। उसका वेतन बैंक खाते में आता है। इसके लिए उसने एटीएम कार्ड बनाया है। महिला जब पैसे निकालने के लिए एटीएम गई तो पैसे निकालने के बाद एटीएम से रसीद नहीं निकली। इसके बाद एटीएम के पास खड़े एक व्यक्ति ने उससे कहा कि वह रसीद निकालने में उसकी मदद करेगा। महिला ने उसे अपना एटीएम कार्ड दे दिया लेकिन व्यक्ति ने महिला का एटीएम बदल दिया और इस दौरान व्यक्ति ने महिला के खाते से तीस हजार रुपये निकाल दिए। इसका संदेश महिला को फोन पर आ गया। महिला को संदेश आने के बाद उसके होश उड़ गए। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ 420 का मामला दर्ज किया है लेकिन अभी तक व्यक्ति पुलिस की गिरफ्त से दूर है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन मधुसूदन शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0000