ग्रेनेड नहीं फटे तो आरोपी की पत्नी वापस उठाकर लाई और अन्य जगह फेंकें
घटना से पहले सेब लेने जेएंडके गया था आरोपी रशिद
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। माजरा गांव का राशिद मोहम्मद घटना से पहले जम्मू-कश्मीर व असम के चक्कर लगाकर आया था। पुलिस इसको भी जांच में शामिल कर रही है। आरोपी ने पिन तो निकाल ली थी लेकिन अंक कंपोनेंट कम होने से ग्रेनेड नहीं फटा था। सितंबर में ग्रेनेड फेंकने की घटना से पहले आरोपी राशिद मोहम्मद जम्मू-कश्मीर व असम की ओर ट्रक लेकर गया था। राशिद नालागढ़ से सामान लेकर लेह गया था और लेह से वापस आते हुए जम्मू-कश्मीर होकर आया था। इससे पहले वह असम का चक्कर भी लगा कर आया था। ग्रेनेड कहां से आया पुलिस हर पहलू को ध्यान में कर जांच को आगे बढ़ा रही है।
सूत्रों की मानें तो राशिद मोहम्मद की राजू खान के परिवार से पुरानी रंजिश है। इन दोनों में लेनदेन के मामले को लेकर झगड़ा है। लेकिन इस मामले को बढ़ावा राशिद मोहम्मद ने 28 सितंबर की शाम को दिया जब वह ट्रक लेकर अपने घर की ओर आ रहा था तो उसने रास्ते में अपने पड़ोसी को ट्रक रोककर लिफ्ट दी। पड़ोसी यह सोचकर बैठ गया कि वह पैदल चल रहा था और उस पर तरस खाकर राशिद ने ट्रक रोका। लेकिन राशिद के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। उसने ट्रक को एकांत जगह पर रोककर पड़ोसी को पीट दिया। उसे वहीं पर छोड़कर भाग गया। घर जाकर उसने अपने भाइयों को इस घटना की जानकारी दी तो उसके भाइयों ने राशिद के भाई पर हमला कर उसे जख्मी किया।
यहीं से रंजिश और बढ़ी और राशिद ने पड़ोसी के घर के पास ग्रेनेड फेंके। अंधेरे में पड़ोसियों ने अनुमान लगाया कि यह पत्थर फेंक रहे हैं। लेकिन सुबह जब ग्रेनेड देखा तो तब इसका खुलासा हुआ। राशिद ने पिन तो निकाल दी थी लेकिन ग्रेनेड में एक कंपोनेंट कम होने से फट नहीं पाया। जब वह फटे नहीं तो राशिद की पत्नी ने एक ग्रेनेड उठाकर वापस लाई और उसे दूसरे स्थान पर खेत में फेंक दिया जिससे दूसरे दिन पुलिस को एक ही ग्रेनेड मिल पाया था। इस मामले में राशिद खान उसका भाई सलीम व पत्नी किरण देवी पुलिस रिमांड पर हैं और पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।