बद्दी (सोलन)। पुलिस थाना नालागढ़ के तहत चौकीवाला स्थित ट्रक यूनियन के समीप युवक का शव मिलने के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर शव का सिर अलग होने और घटना को हत्या के रूप में प्रस्तुत करने संबंधी दावे किए थे। पुलिस जांच में सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों की पुष्टि नहीं हुई। मामले में बद्दी पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत नालागढ़ थाने में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को चौकीवाला, ट्रक यूनियन के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ था। उधर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानबूझकर भ्रामक अथवा झूठी सूचना प्रसारित कर लोगों को भ्रमित करने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।