रिवाल्वर की नोक पर इंजीनियर से गाड़ी लूटने के मामले में बद्दी पुलिस ने गाड़ी तो रिकवर कर ली है, लेकिन शातिर भागने में कामयाब रहे। यह गाड़ी पुलिस ने पंजेहरा क्षेत्र के अंबुजा फैक्टरी के समीप बटेड़ बिला गांव से बरामद की। उधर एसपी का दावा है कि जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त मेें होंगे।
बद्दी की एक धागा मिल में इंजीनियर के पद पर तैनात मानपुरा निवासी राम अवतार से छह जून की शाम को 8 बजे यह गाड़ी रिवाल्वर की नोक पर छिनी गई थी। चार दिन बाद पुलिस को अधूरी सफलता ही हाथ लगी है। पुलिस के अनुसार उन्हें कुछ लोगों पर शक था जिसके आधार पर पुलिस पंजेहरा में दबिश दे रही थी। जैसे गाड़ी के बाहर आने की सूचना पुलिस को मिली तो उन्होंने संबंधित क्षेत्र में पीछा किया। पुलिस के आने की भनक लगते ही चोर गाड़ी को गांव के समीप खड़ा कर फरार हो गए।
पुलिस का दावा है कि चोर इस गाड़ी को बेचने के फिराक में थे। इस कारण पुलिस ने पंजाब के रोपड़, आनंदपुर साहिब, लुधियाणा आदि स्थानों पर वहां के पुलिस से मिल कर नाकेबंदी की हुई थी। पुलिस ने इन क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह की सूची तैयार कर उसी आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी थी।
शुक्रवार को बद्दी के थाना प्रभारी फिरोज खान, मुख्य आरक्षी पवन कुमार व आरक्षी नारायण के नेतृत्व में टीम ने कार दबोचने में सफलता हासिल की है। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने पुलिस ने लूटी कार को बरामद कर लिया है। पुलिस का मानना है कि इस लूट में शामिल दोनों युवकों को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।