अर्की एसडीएम सभागार मे बैठक के दौरान मौजूद ग्रामीण। स्रत्रोत ग्रामीण
ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग प्रभावित क्षेत्रों के लिए मांगा मुआवजा व रोजगार
एसडीएम अर्की ने ली संघोई, मांगू, ग्याणा प्रभावितों की विशेष बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। अंबुजा सीमेंट कंपनी दाड़लाघाट की गतिविधियों से प्रभावित ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच उपजे गतिरोध को दूर करने के लिए मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के सभागार में अहम बैठक हुई। एसडीएम निशांत तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधियों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कंपनी को निर्देश दिए कि प्रभावितों की ओर से उठाए गए मुद्दों की दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए। बैठक में ग्राम पंचायत संघोई, मांगू, गयाणा और कशलोग के भूमि मालिकों ने आरोप लगाया कि रात के समय होने वाली भारी ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों और अन्य संरचनाओं में गहरी दरारें पड़ गई हैं। प्रभावितों ने इसके लिए उचित मुआवजे की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने दो टूक कहा कि जिन लोगों की जमीन कंपनी ने अधिग्रहित की है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए।