सोलन। कोरोना वैक्सीन अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने सोलन सहित जिले में 12 सेंटरों में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी। इसके लिए विभाग ने 588 स्वास्थ्य कर्मियों का चयन किया। सोमवार से चार ब्लॉकों में यह कार्य शुरू किया गया है।
इससे पहले सोलन में भी तीन दिन पूर्व कोरोना वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को दी गई थी। शुरू में वैक्सीन लेने वाला कर्मचारी भी मुकर गया था। विभाग का सोलन और एमएमयू में 200 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन देने का लक्ष्य भी पूरा नहीं हो सका था। पहले चरण में सिर्फ 62 कर्मी ही वैक्सीन के लिए तैयार हुए थे।
इससे विभाग भी कहीं न कहीं सकते में था। चार ब्लॉकों में श्ुारू अभियान के बारे में नोडल अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया। जानकारी अनुसार, टीकाकरण को लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है। सभी 24 सेंटरों में चौकसी के साथ कोल्ड स्टोरेज सेंटरों में पूरी निगरानी रखी जा रही है।
उधर, सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि धर्मपुर, नालागढ़, अर्की, चंडी में कोरोना वैक्सीन अभियान किया गया। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जा रही है।