नालागढ़ के ढांग उपरली गांव में खेतों में खड़ी मक्की के टंडे के ढेर- संवाद।
पहले 25 में बिक जाता था एक बंडल, खरीदार न मिलने से किसान परेशान
किसानों ने कम पशुपालन व पंजाब से पहुंच रही तूड़ी को बताया वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़। उपमंडल नालागढ़ में इस बार किसानों के लिए मक्की की फसल घाटे का सौदा साबित हुई है। फसल पककर तैयार हो गई, लेकिन अब किसान मक्की के खाली बचे टंडों (पौधे का डंठल) को लेकर परेशान हैं, क्योंकि उनके खरीदार बाजार में नहीं आ रहे हैं। पिछले वर्षों में मक्की के टंडों का एक बंडल 25 तक में आसानी से बिक जाता था, जो पशुओं के चारे के काम आता था, लेकिन इस बार खरीदार नदारद हैं। नतीजतन, किसानों के खेतों और खलिहानों में रखे टंडे अब सड़ने लगे हैं। इस वर्ष मक्की की फसल किसानों के लिए शुरू से ही आफत बनी रही। पहले सुंडी और कीटनाशकों का हमला हुआ। रही सही कसर अत्यधिक बारिश ने पूरी कर दी। मक्की को कम पानी चाहिए होता है, लेकिन इस बार खेत लगातार पानी से भरे रहे। इसका परिणाम यह हुआ कि 20 प्रतिशत मक्की में दाना (अनाज) ही नहीं लगा, सिर्फ खाली टंडा रह गया, जो समय से पहले सूख गया। किसानों ने किसी तरह अपनी मक्की की फसल निकाली, लेकिन अब टंडों के लिए कोई ग्राहक नहीं मिल रहा, जिससे वे खुले में पड़े-पड़े खराब हो रहे हैं। मझोली के किसान सुच्चा सिंह, टाणा के चमन लाल, किरपालपुर के मदन लाल और रिडीयाली पंचायत के उपप्रधान हरदीप बावा समेत अन्य किसानों ने बताया कि खरीदार न आने के पीछे मुख्य कारण लोगों ने अब पशु पालना कम कर दिया है। जिन किसानों के पास पशु हैं। उन्होंने अप्रैल-मई में ही तूड़ी खरीद ली है। पंजाब से व्यापारी ट्रकों में तुड़ी लाते हैं और सीधे पशुशाला में डालकर जाते हैं, जिससे किसानों का काम आसान हो गया है। उन्होंने बताया कि टंडों को पशुओं को खिलाने से पहले मशीन से कुतरना पड़ता है, जिसमें किसानों का दोहरा समय खर्च होता है। खेड़ा के किसान अवतार सिंह ने कहा कि यह साल मक्की किसानों के लिए पूरी तरह घाटे का रहा। अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में किसान मक्की की खेती करना कम कर देंगे