कुमारहटी के नजदीक डगशाई स्कूल के पास फोरलेन पर बनाए जा रहे फुटओवर ब्रीज के लिए जमीन में किया गड
जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने वाले स्कूली बच्चों को मिलेगी राहत
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के आदेशों के बाद हरकत में आया एनएचएआई
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर कुमारहटी के नजदीक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डगशाई के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को अब राहत मिलेगी। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के आदेशों के बाद एनएचएआई ने डगशाई स्कूल को जाने वाले मुख्य स्थान पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार फोरलेन बनने के बाद से डगशाई स्कूल के बच्चों और अध्यापकों को स्कूल आते-जाते समय अपनी जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार हाईवे को पार करना पड़ता था। छोटे बच्चों को सड़क पार करवाने में स्कूल प्रशासन और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को लेकर स्कूल प्रशासन की ओर से कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और जिला उपायुक्त सोलन को भी लिखित रूप से अवगत करवाया गया था। स्कूली बच्चों ने भी सरकार से यहां ब्रिज बनाने की गुहार लगाई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि परवाणू से सोलन हाईवे के निर्माण से पहले एनएचएआई द्वारा बनाई गई डीपीआर पर शुरू से ही सवालिया निशान लग रहे हैं। आरोप है कि डीपीआर बनाते समय जमीनी हकीकत और स्कूल जैसे संवेदनशील स्थानों का ध्यान नहीं रखा गया। यही कारण है कि सनवारा और धर्मपुर के पड़ाव पर भी स्कूली बच्चों को ऐसी ही दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि धर्मपुर के पड़ाव पर एक फुटओवर ब्रिज बनाया गया है, लेकिन उसका डिजाइन ठीक न होने के कारण लोग उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। चेवा पंचायत के प्रधान रमेश चौहान ने बताया कि लोक निर्माण मंत्री के कड़े रुख के बाद एनएचएआई ने अब मौके पर फुटओवर ब्रिज का काम तेजी से शुरू कर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे स्कूल के छात्रों, अध्यापकों और स्थानीय जनता को सुरक्षित आवाजाही की बड़ी सुविधा मिल सकेगी।