नालागढ़ में चालक संघ के पदाधिकारी चालकों के साथ हो रहे झगड़ों को लेकर रोष जताते हुए- स्रोत- चालक
नालागढ़ में एचआरटीसी चालक व परिचालक संघ ने सरकार से मेडी एक्ट लागू करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालक व परिचालक संघ की बैठक में निगम के कर्मियों के साथ हो रहे झगड़ों व मारपीट की घटनाओं पर चिंता जताई। नालागढ़ में संघ के प्रधान सुरिंदर सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ड्राइवर और कंडक्टर यूनियन ने चालकों व परिचालकों के साथ लगातार हो रहे झगड़ों को लेकर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया। ड्राइवर यूनियन के नालागढ़ इकाई के प्रधान सुरिंदर सिंह ने बताया कि निगम के चालक और परिचालक रोजाना विवादों और झगड़ों का सामना कर रहे हैं, जिससे वे मानसिक तनाव में हैं। 29 मार्च को राजगढ़ क्षेत्र में सोलन डिपो के एक चालक के साथ कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और उसे ड्राइवर सीट से खींचने का प्रयास किया। इस घटना से बस में सवार यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई थी और जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। इसके अलावा हमीरपुर में एक कार सवार ने भी चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया है। इस तरह की घटनाओं से चालकों में रोष है। उन्होंने बताया कि यूनियन और प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर पहले भी कई बार सरकार, प्रशासन और प्रबंधन के समक्ष मेडी एक्ट लागू करने की मांग उठा चुके हैं, ताकि चालकों और परिचालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निगम के चालक-परिचालक कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं, इसलिए प्रदेश की जनता को भी उनका सहयोग करना चाहिए और अनुशासन बनाए रखना चाहिए।