बद्दी (सोलन)। बीबीएनडीए ने हिमुडा के फेज-3 कॉलोनी में बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण को 40 लाख की राशि नगर परिषद को जारी कर दी है। इसमें नगर परिषद ने तीन मंजिला इस सामुदायिक भवन की अनुमानित लागत 2.65 करोड़ रखी है। हिमुडा ने फेज-3 में सामुदायिक भवन के लिए बीबीएनडीए ने पौने चार बीघा जमीन का प्रावधान कर रखा है।
हिमुडा कॉलोनी में कार्यरत योग सोसायटी और रेजिडेंट वेल्फेयर सोसायटी के पदाधिकारी स्थानीय विधायक परमजीत सिंह पम्मी से सामुदायिक भवन निर्माण की मांग को लेकर मिले थे। इस पर विधायक ने बीबीएनडीए को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आग्रह किया गया। बीबीएनडीए ने अब नगर परिषद को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए धनराशि मुहैया करवा दी है। इस सामुदायिक भवन में पार्किंग सुविधा के अलावा सबसे निचले तल पर योग हॉल बनाया जाएगा। सामुदायिक भवन में कमरों का निर्माण भी किया जाएगा। शादी समारोहों के लिए भी एक हॉल का प्रावधान रहेगा।
नगर परिषद करेगी निर्माण
बीबीएनडीए सीईओ विनोद ने बताया कि हिमुडा कॉलोनी के फेज-3 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 40 लाख की पहली किश्त जारी कर दी है। इस सामुदायिक भवन के निर्माण का जिम्मा नप को सौंपा गया है। बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ विकास प्राधिकरण लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस सामुदायिक भवन का निर्माण करवा रही है।
कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद रणवीर सिंह वर्मा ने बताया कि हिमुडा कॉलोनी के फेस-3 में बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पहली किस्त आ चुकी है। सामुदायिक भवन अत्याधुनिक तकनीक से बनाया जाएगा। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मार्च तक निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।