सुबह 4 बजे सुबाथू बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान में जुटे छावनी के कर्मचारी . स्रोत संवाद
छावनी प्रशासन ने जन्माष्टमी की प्रभात फेरी के लिए लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू (सोलन)। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सुबाथू में निकाली जा रही प्रभात फेरी को देखते हुए छावनी परिषद ने सफाई व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई कर्मचारी सुबह चार बजे से बाजार क्षेत्र की सड़कों और गलियों की सफाई में जुट रहे हैं। आम दिनों में छावनी क्षेत्र में सफाई अभियान सुबह छह बजे शुरू होता है।
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी निशांत गुप्ता के निर्देश पर जन्माष्टमी के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रभात फेरी शुरू होने से पहले बाजार और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की जा रही है। सैनेटरी इंस्पेक्टर प्रिंस कुमार ने बताया कि प्रभात फेरी के चलते सफाई अभियान का समय दो घंटे पहले किया गया है। कर्मचारियों को सुबह चार बजे से ही बाजार की सड़कों और गलियों की सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। छावनी परिषद ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने और डस्टबिन का इस्तेमाल करने की अपील की है।