स्वास्थ्य विभाग बरसाती बीमारियों की दवाओं का पूरा स्टॉक रखे
आपात स्थिति से निपटने के लिए 1077 टोल फ्री नंबर किया जारी
मानसून की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने ली समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मानसून तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मानसून से पूर्व नालियों की सफाई करने व आवश्यक मरम्म्त करवाने के निर्देश दिए ताकि मानसून में पानी की बेहतर निकासी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते नदियों के किनारे बस्तियों को खाली करवाने और नदी-नालों के समीप खतरे के संकेत पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने जिले के सभी उपमंडलों में आपातकालीन स्थिति से त्वरित निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के सभी आवश्यक उपकरण तैयार रखने को कहा ताकि आपातस्थिति में त्वरित कार्यवाही की जा सके।
इनसेट
यह दिए निर्देश
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के समय जल जनित रोगों, सांप के काटने, दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाओं का भंडारण करें। उन्होंने आमजन को आपात स्थिति से निपटने के उपायों के बारे में जागरूक करने के लिए संबंधित विभागों को समय-समय पर शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों को सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनों व कर्मियों की समय से व पर्याप्त संख्या में तैनाती करने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मानसून के दौरान विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए सुझाव भी दिए गए तथा इस पर गहनता से विचार-विमर्श भी किया गया। कहा कि मानसून से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। आपातकालीन स्थिति में आमजन टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
इनसेट
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य, कसौली नारायण सिंह चौहान, अर्की यादविंदर पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।