राजकीय उच्च विद्यालय गुनाई में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उपनिदेशक गोपाल चौहान- स्रोत- स्कूल।
- फोटो : टूंडला के गांव ठार हीरासिंह में भाजपा जिलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में मंचासीन पदाधिकारी संगठन
गुनाई स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
शिक्षा व खेलकूद में अव्वल रहने वाले बच्चों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय उच्च पाठशाला गुनाई में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें छात्र-छात्राओं की जीवंत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नाटी, गिद्दा, भंगड़ा, नाटक, योग और हरियाणवी लोक नृत्य जैसी ऊर्जावान प्रस्तुतियां दीं। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राम आएंगे, नन्ना मुन्ना राही हूं, पापा मेरे पापा जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया। इस कार्यक्रम में क्लस्टर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला गुनाई और राजकीय प्राथमिक पाठशाला झांगड़ के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोट बेजा की प्रधान किरण ठाकुर मुख्यातिथि व उप शिक्षा निदेशक गोपाल सिंह चौहान ने बतौर विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यवाहक प्रधानाचार्य राहुल वालिया ने इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत की। विशेष अतिथि उप शिक्षा निदेशक गोपाल सिंह चौहान ने छात्रों को शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अपने माता-पिता और महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए बेटियों को घर का गौरव बताया। चौहान ने रावण, कंस और कौरवों के उदाहरणों के माध्यम से महिलाओं के अपमान के दुष्परिणामों से भी छात्रों को अवगत कराया। इस अवसर पर शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल मंच संचालन की भूमिका शिक्षक नरोत्तम वर्मा ने निभाई। इस अवसर पर शिक्षक नरेंद्र कुमार, सविता कुमारी, सुनीता कुमारी, गुरुदेव, राजेंद्र कुमार, ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर सोनिया कला, मोरपेन कंपनी के प्रतिनिधि अश्विनी शर्मा, अश्वनी डोगरा, हरमिंदर सिंह, वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड के वीरेंद्र शर्मा, उपप्रधान सुनील कुमार, बीडीसी भगवान दास सहित अभिभावक उपस्थित रहे।