उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान बोले, मंत्रियों को अपने-अपने विभागों में आय बढ़ाने के उपायों की कैबिनेट में देनी होगी प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि आरडीजी बंद होने के बाद सरकार की प्राथमिक चिंता अब आय बढ़ाने पर केंद्रित है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी मंत्रियों को अपने-अपने विभागों में आय बढ़ाने के उपायों की कैबिनेट में प्रस्तुति देनी होगी। उन्होंने बताया कि कुछ सेक्टरों में अतिरिक्त कदम उठाने की आवश्यकता होगी। सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मंत्री ने कहा कि आरडीजी बंद होने से कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और अन्य खर्च चलाने में मुश्किलें आएंगी। इस स्थिति में कमर्शियल वाहनों के एंट्री टैक्स में थोड़ी वृद्धि की गई है। मंत्री ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री दिल्ली जाएंगे और प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री से आरडीजी फंडिंग जारी रखने का आग्रह करेंगे। यदि यह संभव नहीं हुआ, तो हिमाचल की मदद के अन्य विकल्पों पर विचार किया जाएगा। दिल्ली और हिमाचल पुलिस के बीच विवाद पर मंत्री ने कहा कि किसी दूसरे राज्य में गिरफ्तारी करने के स्पष्ट नियम हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस अधिकारी बिना अनुमति चिड़गांव के गेस्ट हाउस में घुसे, सीसीटीवी कैमरा और अन्य सिस्टम उखाड़ लिए और तोड़-फोड़ की। इसके बाद गेस्ट हाउस मालिक ने चिड़गांव थाने में एफआईआर दर्ज करवाई, जिस आधार पर हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई की। मंत्री ने जोर देकर कहा कि पर्यटकों और आम लोगों के अधिकारों की सुरक्षा भी सरकार का कर्तव्य है।
जल्द सुधरेगी बीबीएन की सड़कों की हालत
बीबीएन (बद्दी-नालागढ़-बरोटीवाला) की खस्ताहाल सड़कों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि एनएचएआई जल्द ही पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन निर्माण के लिए टेंडर जारी करेगा। अन्य सड़कों के लिए बद्दी अब नगर निगम बन चुका है। पहले बीबीएनडीए, लोक निर्माण विभाग सहित कई एजेंसियां सड़क मरम्मत करती थीं, लेकिन अब एमसी वहां सड़क रखरखाव का कार्य करेगा।