रोपड़ विधायक और माजरा के ग्रामीणों के विरोध के बावजूद नहीं सुधर रहे हालात
भुड्ड बैरियर पुल के नीचे लगे बर्फ जैसे सफेद झाग के गुबार, लोगों में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) के भुड्ड बैरियर स्थित रत्ता खड्ड में रविवार सुबह अचानक केमिकल युक्त झाग होने से हड़कंप मच गया। उद्योगों से छोड़े गए जहरीले पानी के कारण रत्ता खड्ड में भुड्ड बैरियर पुल के नीचे झाग के बड़े-बड़े गुबार तैरते नजर आए। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो नदी में बर्फ जम गई हो। इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र के उद्योग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।
रविवार सुबह करीब 8 बजे समाजसेवी एवं आम आदमी पार्टी के मंडल अध्यक्ष गुरदयाल सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोरपेन रोड स्थित किसी उद्योग द्वारा यह रसायनयुक्त जहरीला पानी खड्ड में बहाया गया है। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग के अधिकारी बीबीएन को बर्बादी से बचाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यह प्रदूषण न केवल पर्यावरण, बल्कि मानव स्वास्थ्य और जलीय जीवों के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका है। ग्रामीणों ने पानी के सैंपल लेकर वैज्ञानिक जांच कराने और दोषी इकाइयों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इनसेट
रोपड़ विधायक ने वीडियो शेयर कर जताई चिंता
रोपड़ से आप विधायक दिनेश चड्ढा ने रत्ता खड्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर प्रशासन पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि रत्ता और बाल्द खड्डों से निकलने वाला रासायनिक पानी पंजाब के रोपड़ क्षेत्र और सतलुज नदी को जहरीला बना रहा है।
हाल ही में चड्ढा ने सोलन व पंचकूला के उपायुक्तों और बद्दी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समक्ष डंपिंग साइटों का मुद्दा उठाया था। इसके बाद मंडावाला में कचरा हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। वहीं, नालागढ़ के दभोटी कचरा प्लांट के खिलाफ माजरा के ग्रामीणों का बड़ा प्रदर्शन भी हो चुका है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
कोट
रत्ता खड्ड में झाग उबलने का मामला ध्यान में आया है। संबंधित टीम को मौके का निरीक्षण करने और मामले की गहन जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। दोषी पाए जाने वाले उद्योगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - संजीव धीमान, एसडीएम, बद्दी