दी बहुद्देशीय सहकारी सभा समिति कुठाड़ में लाखों रुपये की वित्तीय अनियितताएं बरतने का पर्दाफाश हुआ है। इन अनियमितताओं के चलते सोसायटी को जांच अधिकारी ने डिफाल्टर व ऋण दोषी ठहराया है। साथ ही सभा के प्रधान को लंबित पैसा जल्द जमा कराने व नई कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश जारी किए हैं। इस मुद्दे पर बैठक में जम कर हंगामा हुआ तथा सभी शेयर होल्डरों ने अपने त्याग पत्र निरीक्षक को सौंप दिए।
कुठाड़ के कृष्णगढ़ स्थित पंचायत घर में धर्मपुर सहकारी सभाओं के खंड निरीक्षक डीआर पंवर ने पंचायत प्रधान दया शर्मा की अध्यक्षता में सभी शेयर होल्डरों के साथ बैठक की। इसमें वर्ष 2013-14 की ऑडिट रिपोर्ट को समस्त जनता को पढ़ कर सुनाया जिसमें सहकारी सभा कुठाड़ के प्रधान ने गलत तरीके से 2 लाख 16 हजार 414 रुपये के ऋण माफ कर दिए। इसमें 42 हजार रुपये सरकार की हिस्सेदारी थी। वहीं अपने चेहतों को ऋण देने व बकाया राशि समय पर जमा न कराने के भी आरोप लगाए गए।
हैरानी की बात है कि सभा के प्रधान ही सचिव का भी कार्य देख रहे हैं जो कि सभा के संविधान के अनुरूप नहीं है। 1952 से चल रही इस सोसायटी में तीन सौ 84 शेयर होल्डर है।
इस मुद्दे पर आयोजित बैठक में जम कर हंगामा हुआ व आनन फानन में सभा के सभी सदस्यों ने निरीक्षकों को अपने त्यागपत्र दे दिए। मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि सभा की कभी भी सार्वजनिक रूप से बैठक हुई न ही ऋण वितरण के लिए कोई नियम बनाए गए। यही नहीं शेयर होल्डरों को भी ऋण देने के लिए विश्वास में नहीं लिया गया।
शेयर होल्डरों ने इसकी शिकायत पहले ही संबंधित विभाग से की थी। विभाग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सभा के आगामी निदेशक मंडल के चुनाव को देखते हुए इस सभा में प्रशासक की नियुक्ति करने की बात कही गई जिससे गलत व्यक्ति वोट न डाल सके।
विदित रहे कि जो व्यक्ति सभा का प्रधान है वह इसी विभाग से निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त है। उसी का फायदा उठाते हुए आज तक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। बैठक के दौरान निरीक्षक ने फटकार भी लगाई। इस दौरान सभा के फंड विभाग के खजाने में जमा कराने के कड़े निर्देश दिए व नई कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए जिससे कार्य में पारदिर्शता आ सके।
उधर, सभा के प्रधान का कहना है कि उसने लोगों को ऋण दिए हैं। उसकी समय पर वापसी नहीं हुई है जिससे विभाग का पैसा फंस गया है। जल्द जमा कराए जाएंगे।
बैठक में राणा अरूण सैन, ठाकुर दास शर्मा, आत्मा राम, नागेंद्र शर्मा, तारा दत, पुष्पेंद्र, संजीव, रवि, सचिन, केशव दत, संतोष शर्मा, निर्मला, गोदा, हरिकृष्ण के अन्य शेयर होल्डर भी उपस्थित रहे।