ठेके के साथ मंदिर और स्कूल, बच्चों पर बुरा असर पड़ने की जताई आशंका
अधिकारी बोले विरोध होता रहा तो किया जाएगा विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। मंधाला पंचायत में हाउसिंग बोर्ड के समीप शराब का ठेका खोले जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जैसे ही ठेकेदार ने ठेका शुरू किया, लोग मौके पर पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर ठेका खोला गया है, वहां से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर प्राचीन मंदिर और स्कूल है। इसके अलावा आसपास के अन्य स्कूलों की बसें भी इसी सड़क से बच्चों को लाने-ले जाने के लिए गुजरती हैं। इससे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ने की आशंका है।
प्रदर्शन में पूर्व प्रधान लता देवी, कुलतार ठाकुर, हरभजन सिंह, रणधीर ठाकुर, परीक्षित मेहता, सौरभ मेहता, कृष्ण मेहता और सुनील मेहता भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने ठेके के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि यह ठेका आबकारी विभाग की मिलीभगत से खोला गया है। इस संबंध में पंचायत या ग्रामीणों से अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर आबादी के बीच इस तरह ठेका खोलना पूरी तरह गलत है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस ठेके को बंद नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आबकारी विभाग के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आबकारी विभाग के आयुक्त विनोद डोगरा ने बताया कि इस यूनिट की बुधवार को अलॉटमेंट की गई थी। यह यूनिट इसलिए आवश्यक थी क्योंकि उक्त क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आकर लोग अवैध शराब बेच रहे थे। ऐसे में पांच किलोमीटर के दायरे को कवर करने के लिए विभाग की ओर से यह यूनिट खोली गई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि लोगों का विरोध जारी रहता है तो इस पर पुनर्विचार किया जाएगा।