चंडीगढ़ बुल्स को हरा कर बनी विजेता
11 हजार रुपये व ट्राफी देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। शिवांचल यूथ क्लब कुठाड़ की ओर से पूर्व वॉलीबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय धर्मपाल की स्मृति में आयोजित चौथे धर्मपाल मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब चंडीगढ़-ए की टीम ने जीता। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की 18 टीमों ने भाग लिया।
क्लब प्रधान ललित शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला चंडीगढ़-ए और चंडीगढ़ बुल्स के बीच खेला गया। इसमें चंडीगढ़-ए ने जीत दर्ज की, जबकि चंडीगढ़ बुल्स उपविजेता रही। विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 7,100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का उद्देश्य स्वर्गीय धर्मपाल की स्मृति को संजोने के साथ ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
समापन समारोह में समाजसेवी जसविंदर राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। क्लब प्रधान ललित शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा।
इस अवसर पर कृष्णगढ़ पंचायत के प्रधान पुष्पेंद्र कुमार, उपप्रधान नरेंद्र बबलू, राणा रुद्र सिंह, केडी शर्मा, मनोज शर्मा, खुशदेव ठाकुर, दिनेश फौजी और मोहित शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। क्लब सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय योगदान दिया।