अर्की में स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। नशा मुक्ति अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम ने अर्की के शिमला मंडी राजमार्ग पर स्थित शालाघाट मार्केट का औचक निरीक्षण किया। टीम की ओर से कोटपा अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। खुली सिगरेट बेचने वाले दुकानदारों के 20 हजार के चालान काटे गए। खंड स्तर पर बनी इस टीम ने शालाघाट मार्केट की सभी दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने स्कूलों के आसपास की दुकानों में भी तलाशी ली और दुकानदारों को नियमों की जानकारी दी। कोटपा अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने का बोर्ड न लगाने, तंबाकू या सिगरेट का प्रचार करने, 18 साल से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू न बेचने का बोर्ड न लगाने और स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू बेचने, तंबाकू के पैकेटों पर बड़े और स्पष्ट शब्दों या तस्वीरों में स्वास्थ्य पर पड़ने वाले बुरे असर की चेतावनी न दिखाने पर कार्रवाई की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने चेतावनी दी कि खुली सिगरेट और तंबाकू बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।