बद्दी (सोलन)। अवैध खनन पर बद्दी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को मानपुरा थाना पुलिस ने दो ट्रैक्टरों के चालान किए और खनन सामग्री से लदे एक टिपर को जब्त किया। मानपुरा थाना की पुलिस टीम अक्कावाली रत्ता खड्ड और हररायपुर क्षेत्र में गश्त पर थी। अक्कावाली रत्ता खड्ड में अवैध खनन गतिविधियों में लगे दो ट्रैक्टरों को मौके पर रोका गया। ट्रैक्टर चालकों अक्कावाली निवासी तारा चंद और राज कुमार से जब खनन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी कागज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने खनन अधिनियम के तहत दोनों ट्रैक्टरों का चालान किया। पुलिस टीम ने हररायपुर क्षेत्र में खनन सामग्री से लदे एक टिपर को जांच के लिए रोका। टिपर चालक नितिन सिंह निवासी उत्तर प्रदेश भी खनन सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।