विकास खंड धर्मपुर में बीडीसी चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन की ताजपोशी को लेकर रखी गई बैठक बेनतीजा निकली। विकास खंड कार्यालय में किसी भी निर्वाचित सदस्य के न पहुंचने से बैठक को स्थगित कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी व तहसीलदार कसौली नारायण चौहान ने बताया कि मंगलवार को ग्यारह बजे से लेकर एक बजे तक दोनों पदों के गठन को लेकर बैठक रखी गई थी, लेकिन कार्यालय में एक भी सदस्य नही पंहुचा और बैठक कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दी गई। 27 जनवरी को दोपहर बारह बजे बैठक रखी गई है, जिसमें उक्त दोनों पदों का गठन होगा।
कांग्रेस में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर काफी देर तक मंत्रणा चली। पहले प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद सुल्तानपुरी और कांग्रेस नेता नंदलाल ठाकुर पहुंचे और फिर उसके बाद दून क्षेत्र के विधायक चौधरी राम कुमार अपने दल-बल के साथ पहुंचे। बारह बजे कसौली कांग्रेस मंडलाध्यक्ष रोशन ठाकुर भी पंहुचे उसके थोड़ी देर बाद प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चौहान और फिर अरुण सेन भी पंहुचे। सुबह से ही निर्वाचित सदस्यों को अपने पाले में लेने के लिए कसरत चलती रही, लेकिन 15 सदस्यों का आंकड़ा पूरा नही हो सका। दूसरी तरफ भाजपा ने भी कांग्रेस के इस प्रयास को सफल न होने देने के लिए काफी दम लगाया। कसौली विधायक डॉ. राजीव सहजल सहित भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुंदरम ठाकुर व पूर्व बीडीसी अध्यक्ष नरेंद्र कुमार अत्री भी अपने पाले के सदस्यों को लेकर धर्मपुर में रणनीति बनाते रहे और कांग्रेस के कोरम पूरा करने के प्रयास को सफल नही होने दिया।