सोलन, कंडाघाट, धर्मपुर और कुठार ब्लॉक के शिक्षकों की अलग-अलग केंद्रों पर होगी बैठक
जिला शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय ने जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में प्रारंभिक शिक्षा के स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों के बुनियादी ज्ञान को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। जिला सोलन के उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय की ओर से दो जून को सेंटर हेड टीचर्स की मासिक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) करेंगे। बैठक का मुख्य फोकस बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) को धरातल पर अधिक प्रभावी बनाना है। उप जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) राज कुमार पराशर ने बताया कि प्रशासनिक और भौगोलिक सुगमता को देखते हुए बैठक को दो अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित किया जा रहा है। शैक्षिक खंड सोलन और कंडाघाट के अंतर्गत आने वाले सभी सेंटर हेड टीचर्स की बैठक पीएनएनएम गीता आदर्श विद्यालय सोलन में आयोजित की जाएगी। इस केंद्र पर बैठक सुबह 10:00 बजे शुरू होगी। शैक्षिक खंड धर्मपुर और कुठार के सीएचटी के लिए खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय धर्मपुर को केंद्र बनाया गया है। यहां बैठक सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी। इस मासिक बैठक का मुख्य उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना है। बैठक के दौरान प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के बीच फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी यानी बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को और अधिक मजबूत बनाने के विषय पर विशेष मंथन किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश, शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुमारी रीता गुप्ता ने बताया कि विभाग इस बैठक को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उपनिदेशक कार्यालय की ओर से संबंधित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर बैठक की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर लें। बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त आदेश दिए गए हैं।