समिति गठन की प्रक्रिया के तहत अर्की एसडीएम से मुलाकात करते धार देवता सीमेंट प्रभावित जनकल्याण स
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
धार देवता सीमेंट प्रभावित जनकल्याण समिति के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। संघोई धार में सीमेंट उद्योग और खनन गतिविधियों से प्रभावित ग्रामीणों का शांतिपूर्ण धरना वीरवार को 105वें दिन में प्रवेश कर गया। धरनास्थल पर प्रदर्शनकारियों की क्रमिक भूख हड़ताल भी लगातार जारी रही और प्रभावित लोग अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। धरनास्थल से सीमेंट उद्योग व माइनिंग प्रभावित मंच के सदस्यों ने बताया कि आंदोलन को संगठित और संस्थागत रूप देने के लिए समिति का औपचारिक पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। समिति का नया नाम धार देवता सीमेंट प्रभावित जनकल्याण समिति रखा गया है। समिति के संयोजक संदीप ठाकुर और अन्य सदस्यों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले संबंधित पंचायत ने समिति को एनओसी प्रदान की थी। इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए समिति के प्रतिनिधि अर्की स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीएम द्वारा भी आवश्यक एनओसी प्रदान की गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि यह समिति अधिकारों को मजबूत करने, प्रभावित परिवारों की आवाज़ को कानूनी रूप से पहुंचाने और आंदोलन को संस्थागत रूप देने के लिए बनाई गई है। इसे जिला स्तर पर औपचारिक रूप से पंजीकृत कराया जाएगा। समिति का प्रस्तावित संविधान तैयार हो चुका है और नियमित बैठकें तय स्थानों पर आयोजित की जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि खनन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और शिकायतों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि जब तक जिला प्रशासन के उपायुक्त (डीसी) स्वयं धरनास्थल पर आकर प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं करते, शांतिपूर्ण धरना और क्रमिक भूख हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी।