13 लाख रुपये होंगे खर्च, आपराधिक घटनाओं पर लगेगा अंकुश स्कूल, अस्पताल समेत सार्वजनिक स्थलों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। छावनी परिषद कसौली में सुरक्षा घेरे को मजबूत किया जा रहा है। यहां पर अब तीसरी आंख का पहरा 24 घंटे रहेगा। इसके लिए छावनी परिषद कसौली क्षेत्र में 60 सीसीटीवी इंस्टाल करवाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी। इन कैमरों को लगवाने के लिए 13 लाख रुपये की लागत आएगी। ये कैमरे स्कूल, अस्पताल, मल्टी पर्पज पार्किंग, हेरिटेज मार्केट, सनसेट प्वाइंट समेत अन्य क्षेत्रों में लगेंगे।
इसकी मॉनिटरिंग भी 24 घंटे की जा सकेगी। साथ ही अवैध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रहेगी। गौर रहे कि छावनी परिषद कसौली क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में बाहरी राज्यों से पर्यटक आते हैं। ऐसे में यहां पर आपराधिक घटनाएं होने की भी संभावना रहती है। वहीं, कई ऐसे प्वाइंट हैं जिनका इस्तेमाल नशे जैसे कार्यों के लिए किया जा रहा है। वहां पर छावनी परिषद की ओर से सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके अलावा बाहरी राज्य से आने वाले हुड़दंगियों पर भी सीसीटीवी से नजर रहेगी।
बीते महीनों में छावनी परिषद की ओर से कई कार्य करवाए जा रहे हैं। इसमें चर्च से लेकर मंकी प्वाइंट तक सड़क को बेहतर बनाया गया है। अब आगामी दिनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। उधर, कसौली छावनी परिषद के सीईओ हिमांशु सामत ने बताया कि छावनी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने हैं। इससे काफी सुविधा होगी।