पुलिस ने दबिश देकर प्रबंधक पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला एनएच पर एक निजी कैफे की छत पर बिना लाइसेंस शराब परोसने के मामले में पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को परवाणू पुलिस की टीम कोटी गांव के पास सेवन हिल्स होटल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक निजी कैफे के रूफटॉप पर होटल मालिक और मैनेजर द्वारा बिना लाइसेंस ग्राहकों को शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कैफे की छत पर लवी सिंह और हरीश वशिष्ठ शराब पीते पाए गए। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि शराब कैफे मालिक के दिशा-निर्देश पर मैनेजर आकाश द्वारा परोसी गई थी। इस दौरान होटल मैनेजर आकाश निवासी कालका जिला पंचकुला हरियाणा सार्वजनिक स्थान पर शराब परोसने संबंधी कोई भी वैध लाइसेंस पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर पुलिस थाना परवाणू में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सोलन तिरुमला राजू एसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।