वीरवार को सब्जी मंडी में 4 से 19 रुपये प्रति किलो बिका टमाटर
किसान परेशान, सब्जी मंडी में रोजाना पहुंच रहीं 8,000 हजार क्रेट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सब्जी मंडी सोलन में शिमला मिर्च किसानों को मालामाल कर रही है। सीजन की शुरुआत से ही मंडी में किसानों को शिमला मिर्च के अच्छे दाम मिल रहे हैं। जबकि टमाटर के गिरते दाम से किसानों की चिंता बरकरार है। वीरवार को टमाटर 4 से 19 रुपये प्रति किलो बिका है। जिसमें 25 किलो क्रेट 100 से 475 रुपये की बिकी है। शिमला मिर्च और बीन के दामों में बढ़ोतरी हुई है। इसमें शिमला मिर्च 20 से 40 रुपये और बीन 62 रुपये प्रति किलो तक बिकी है। चंडीगढ़ और दिल्ली की बड़ी मंडियों में प्रदेश की शिमला मिर्च और बीन की अधिक मांग है। जिससे इसके अच्छे दाम मिल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग खेती पर निर्भर हैं। लोग टमाटर, शिमला मिर्च, मटर, गोभी, बीन और लहसुन समेत कई अन्य नकदी फसलों की पैदावार करते हैं। सोलन की मुख्य नकदी फसल टमाटर और शिमला मिर्च है। सीजन के शुरू में किसानों को टमाटर के अच्छे दाम मिले हैं, लेकिन अब दिन प्रति दिन गिरते दामों से किसानों को लागत पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि अन्य सब्जियों के किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं, लेकिन जिले में अधिकतर किसान टमाटर भी ही निर्भर हैं। उधर, मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि बाहरी राज्यों में शिमला मिर्च और बीन की अधिक मांग है। जिसके किसानों को भी उचित दाम मिल रहे हैं। हालांकि अभी टमाटर के दाम स्थिर हैं, आने वाले दिनों में टमाटर के दामों में भी हल्का उछाल आने की संभावना है।