सोलन। सब्जी मंडी सोलन में शिमला मिर्च किसानों को मालामाल कर रही है। सीजन की शुरुआत से ही मंडी में किसानों को शिमला मिर्च के अच्छे दाम मिल रहे हैं। पहले शिमला मिर्च 15 से 20 और अब 20 से 35 रुपये किलो के हिसाब से बिक रही है। पिछले एक सप्ताह से टमाटर के दाम स्थिर हैं। टमाटर का क्रेट 500 से एक हजार तक बिक रहा है। उत्पादों के अच्छे दाम मिलने से किसान खुश हैं।
जानकारी के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग खेती पर निर्भर हैं। लोग टमाटर, शिमला मिर्च, मटर, गोभी, बीन और लहसुन समेत कई अन्य नकदी फसलों की पैदावार करते हैं। सोलन की मुख्य नकदी फसल टमाटर और शिमला मिर्च है। कोविड के बीच किसान फसलों की बिक्री को लेकर चिंतित थे लेकिन उनको फसलों के सही दाम मिल रहे हैं। अभी तक सोलन सब्जी मंडी में 18 हजार मीट्रिक टन टमाटर, दो हजार 532 मीट्रिक टन शिमला मिर्च समेत नौ लाख पेटी सेब पहुंच चुका है।
मंडी समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप ने बताया कि किसानों को टमाटर के साथ शिमला मिर्च के भी अच्छे दाम मिल रहे हैं। शिमला मिर्च की बाहरी राज्यों से अधिक मांग है। किसानों को उत्पादों के सही दाम मिल रहे हैं। शिमला मिर्च 20 से 35 रुपये प्रति किलो और टमाटर 500 से एक हजार रुपये तक क्रेट बिक रहा है।