व्यय पर्यवेक्षक डॉ. एन कार्तिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए। संवाद
व्यय पर्यवेक्षक ने उप चुनाव को लेकर नालागढ़ में की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ उप-चुनाव को लेकर व्यय पर्यवेक्षक डॉ. एन कार्तिक ने उप-चुनाव व्यय निगरानी बारे में संबंधित अधिकारियों व उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। डॉ. एन कार्तिक ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए व्यय पर निगरानी अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि किसी भी प्रकार का दुरुपयोग चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके।
उन्होंने उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों से प्रतिदिन के व्यय और उसके बिलों की प्रविष्टियां दर्ज करने को भी कहा। उन्होंने उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टर, इन्वॉइस व बिलों का पूर्ण रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई त्रुटियों को ठीक करने के निर्देश दिए गए। कोई भी व्यक्ति किसी भी उम्मीदवार के व्यय की प्रति रिटर्निंग अधिकारी से आवेदन कर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उपचुनाव के दौरान उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों की ओर से किए जाने वाले चुनावी व्यय पर कड़ी नजर रखें। एक उम्मीदवार के लिए चुनावी व्यय की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपए तय की गई है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि उम्मीदवारों के व्यय सूचना प्रस्तुत करने के उपरांत त्रुटियां पाए जाने पर और बैठक में उम्मीदवारों के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर सहायक व्यय पर्यवेक्षक मंगल सिंह और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।