घर के बाहर सफाई करते समय अचानक किया सांड ने हमला
कारोबारी की मौत के बाद कुमारहट्टी बाजार में पसरा सन्नाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कुमारहट्टी में लावारिस सांड के हमले में एक कारोबारी की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे उनके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। घायल बेटे का उपचार एमएमयू अस्पताल, कुमारहट्टी-सुल्तानपुर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुमारहट्टी के कारोबारी देवेंद्र वोहरा अपने घर के बाहर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक लावारिस सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सांड की टक्कर से वह जमीन पर गिर गए, जिसके बाद सांड ने उन पर कई बार हमला किया।
पिता को बचाने के लिए उनका बेटा आगे आया लेकिन सांड ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सांड के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से दोनों को एमएमयू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र वोहरा को मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे कुमारहट्टी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देवेंद्र वोहरा के निधन के विरोध और शोक स्वरूप कुमारहट्टी बाजार बंद रखा गया। स्थानीय कारोबारियों ने लावारिस पशुओं की बढ़ती समस्या पर नाराजगी जताते हुए सरकार से इन्हें गोशालाओं में भेजने और स्थायी समाधान करने की मांग की।
चेवा पंचायत के प्रधान रमेश चौहान ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देवेंद्र वोहरा कुमारहट्टी के प्रतिष्ठित और सम्मानित कारोबारियों में से एक थे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक मिलनसार और लोकप्रिय व्यक्ति को खो दिया है।